हिजाब विवाद पर मलाला के Tweet को लेकर भड़की BJP, कहा- बंद करो जिहादी एजेंडा

Summary :

मलाला ने हिजाब विवाद पर ट्वीट के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी तो बीजेपी नेताओं ने पाकिस्तान में हिन्दू ओर सिखों पर हो रहे अत्याचारों का आइना दिखा दिया।

भारत में जारी हिजाब विवाद पर सामने आई पाकिस्तानी कार्यकर्ता मलाला यूसुफजई की प्रतिक्रिया पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से पलटवार किया गया है। मलाला ने हिजाब को लेकर ट्वीट के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी तो बीजेपी नेताओं ने पाकिस्तान में हिन्दू ओर सिखों पर हो रहे अत्याचारों का आइना दिखा दिया।
हिजाब को लेकर मलाला के ट्वीट पर बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने भी ट्विटर कर कहा, ‘अफगानिस्तान, ईरान, पाकिस्तान में हिजाब न पहनने पर मुस्लिम लड़कियों की हत्या की जा रही है। पाकिस्तान में सिर्फ हिंदू होने के कारण हिंदू, सिख लड़कियों की हत्या की जा रही है। उन्होंने वास्तविक मुद्दों पर कभी एक शब्द भी नहीं बोला।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि मलाला एक कट्टरपंथी इस्लामी जिहादी एजेंडा चला रही है।


वहीं बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने सवाल किया कि मलाला ने पाकिस्तान में नाबालिग हिंदू सिख लड़कियों के जबरन धर्म परिवर्तन जैसे मुद्दों पर कभी बात क्यों नहीं की। उनके ट्वीट में कहा गया है, “अजीब है! मलाला ने पाकिस्तान में नाबालिग हिंदू सिख लड़कियों के जबरन धर्मांतरण जैसे अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर कभी बात नहीं की, लेकिन आज वह तथ्यों की पुष्टि किए बिना ट्वीट कर रही है!”


Tweet में क्या बोलीं मलाला 

कर्नाटक में शिक्षण संस्थानों में हिजाब पहनने को लेकर चल रहे विवाद में कूदते हुए नोबेल शांति पुरस्कार विजेता और महिला अधिकार कार्यकर्ता मलाला यूसुफजई ने कहा कि कॉलेज हमें पढ़ाई और हिजाब के बीच चयन करने के लिए मजबूर कर रहा है। 
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा “कॉलेज हमें पढ़ाई और हिजाब के बीच चयन करने के लिए मजबूर कर रहा है। लड़कियों को उनके हिजाब में स्कूल जाने से मना करना भयावह है। कम या ज्यादा पहनने के लिए महिलाओं के प्रति नजरिया बना रहता है। भारतीय नेताओं को चाहिए कि वे मुस्लिम महिलाओं को हाशिए पर जाने से रोके।”

Desk Team