वादे पूरा करने में विफल रही भाजपा सरकार ने देश को सीएए, एनपीआर और एनआरसी में उलझाया: आजाद

Summary :

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘भाजपा सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। इससे ध्यान भटकाने के लिए भाजपा सीएए, एनपीआर और एनआरसी में उलझाती रहती हैं।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने सोमवार को आरोप लगाया कि वादों को पूरा करने में विफल रही भाजपा सरकार देश को सीएए, एनपीआर और एनआरसी जैसे मुद्दों में उलझा रही है ताकि लोगों का ध्यान भटकाया जा सके। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आजाद ने कई विपक्षी दलों के नेताओं की मौजूदगी में संसद परिसर में कहा कि विपक्षी दलों ने नियम 267 के तहत नोटिस दिया था जिससे सरकार देश भर में चल रहे प्रदर्शनों को लेकर चर्चा कराये और कामकाज स्थगित किया जाए, लेकिन सरकार तैयार नहीं हुई। 
उन्होंने कहा, ‘‘एनपीआर पहले भी बना था लेकिन उसमें साधारण बातें पूछी गई थीं। लेकिन इस सरकार में जो एनपीआर आने वाला है उसमें बाप-दादा की जन्म आदि से जुड़ी जानकारियों के बारे में पूछा जा रहा है। भाजपा इसे हिंदू-मुसलमान के तौर पर बना रही है। लेकिन हमारा मानना है कि यह धर्म या जाति से जुड़ा विषय नहीं है। सभी तबकों के लोगों को अपने बाप-दादा की उम्र एवं कई जानकारियों को पता नहीं है।’’ 

अनंत हेगड़े के महात्मा गांधी वाले बयान को लेकर कांग्रेस ने किया पलटवार, कही ये बात

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘भाजपा सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। इससे ध्यान भटकाने के लिए भाजपा सीएए, एनपीआर और एनआरसी में उलझाती रहती हैं। ये नए नए खिलौने लोगों के हाथ में थमाते रहते हैं।’’ उन्होंने कहा कि जिनके साथ अत्याचार हुआ है उसके साथ विपक्षी पार्टियां खड़ी हैं। 

Desk Team