भाजपा ने राकांपा से छीना धुले नगर निगम, 50 सीटों पर मिली जीत 

Summary :

मुंबई : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र के 74 सदस्यों वाले धुले नगर निगम चुनाव में सोमवार को आसान जीत हासिल की। वहीं अहमदनगर निगम में मतदाताओं

मुंबई : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र के 74 सदस्यों वाले धुले नगर निगम चुनाव में सोमवार को आसान जीत हासिल की। वहीं अहमदनगर निगम में मतदाताओं ने खंडित जनादेश दिया। राज्य के दो नगर निगमों में रविवार को चुनाव आयोजित किया गया था। मतों की गिनती का कार्य सोमवार की शाम को पूरा हुआ जिसके बाद राज्य चुनाव आयोग ने परिणामों की घोषणा की।

धुले नगर निगम में पहले राकांपा (एनसीपी) का कब्जा था। भाजपा को यहां की 74 सीटों में से 50 सीटों पर जीत हासिल हुई है। वहीं कांग्रेस और राकांपा के गठबंधन को 14 पर जीत मिली। शिव सेना, एआईएमआईएम, समाजवादी पार्टी और स्वतंत्र उम्मीदवारों ने दो-दो सीटें जीतीं जबकि एक पर बसपा ने कब्जा किया। अहमदनगर नगर निगम में शिव सेना को 68 सीटों में से 24 पर जीत हासिल हुई। राकांपा को 18 और भाजपा को 14 सीटें मिली। यहां कांग्रेस को सिर्फ चार सीटों पर जीत हासिल हुई।

Desk Team