विधानसभा चुनाव : छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम की BJP ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी

Summary :

पांच राज्‍यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम राज्‍य के लिए उम्‍मीदवारों की पहली सूची जारी की

नई दिल्ली : दिल्ली में BJP की सीईसी की बैठक के बाद पांच राज्‍यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम राज्‍य के लिए उम्‍मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। छत्तीसगढ़ में 77, तेलंगाना में 38 सीटों और मिजोरम चुनावों के लिए 13 उम्मीदवारों की सूची जारी की गई। छत्तीसगढ़ के 90 में से 77 सीट पर उम्मीदवारों का नाम तय कर दिया। 77 में से महिला 14 और 25 युवा चेहरे, 53 किसानों और 10 अनुसूचित जनजाति उम्मीदवारों को मैदान में उतारने का फैसला किया है। इनमें एक मंत्री का नाम भी शामिल है।

बड़े नामों में राजनांदगांव से मुख्यमंत्री रमन सिंह, बिलहा से प्रदेश अध्यक्ष धर्मपाल कौशिक और खरसिया सीट से पूर्व IAS अधिकारी ओ पी चौधरी को टिकट दिया गया है। चौधरी हाल ही में BJP में शामिल हुए थे। पहले चरण में 18 सीटों पर चुनाव होने हैं, जिनमें से 17 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया गया। पहले चरण में जिन 18 सीटों पर चुनाव होगा उनमें से बस्तर संभाग की 12 और राजनांदगांव​ जिले की 6 सीटें हैं। तेलंगाना की मुशीराबाद सीट से प्रदेश अध्‍यक्ष के लक्ष्‍मण को उतारा गया है।

विवादों में रहने वाले वर्तमान विधायक टी राजा सिंह को गौशमहल सीट से टिकट मिला है। तेलंगाना में BJP ने अपनी पहली लिस्‍ट में तीन महिलाओं को मैदान में उतारा है। BJP की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की शनिवार को हुई बैठक में छत्‍तीसगढ़ के पहले चरण में होने वाले चुनावों के प्रत्‍याशियों की सूची जारी कर दी गई है। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज, जेपी नड्डा और अरुण जेटली मौजूद रहे।

Desk Team