मीडिया संस्थानों के अंतरराष्ट्रीय संगठन ने खुलासा किया है कि केवल सरकारी एजेंसियों को ही बेचे जाने वाले इजराइल के जासूसी साफ्टवेयर Pegasus के जरिए भारत के नामी चेहरों में से 300 से अधिक मोबाइल नंबर को हैक किए गए । इस खुलासे के बाद विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर हैं। इस पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को यदि लगता है कि उनका फोन टैप किया गया है तो उन्हें इसे (फोन) जांच एजेंसी को सौंप देना चाहिए।
कांग्रेस किसी न किसी बहाने संसद की कार्यवाही को बाधित करना चाहती है
भाजपा प्रवक्ता राज्यवर्धन सिंह राठौर ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए दावा किया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने अवैध तरीके से किसी का भी फोन टैप नहीं किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में जनता के द्वारा लगातार दो बार खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस किसी न किसी बहाने संसद की कार्यवाही को बाधित करना चाहती है।
राहुल गांधी को अपना फोन जांच एजेंसी को सौंप देना चाहिए
राहुल गांधी ने इजरायली स्पाइवेयर पेगासस का उपयोग करके भारत के कई प्रमुख व्यक्तियों की कथित तौर पर जासूसी किए जाने को ‘राजद्रोह’ करार देते हुए कहा था कि गृह मंत्री अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में न्यायिक जांच होनी चाहिए। राठौर ने कहा कि राहुल गांधी को अपना फोन जांच एजेंसी को सौंप देना चाहिए और भारतीय दंड संहिता के तहत जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश का विकास बर्दाश्त नहीं कर सकती इसलिए कोई ना कोई बहाना बनाकर वह संसद की कार्यवाही बाधित कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



