भाजपा ने शनिवार को कहा कि सरकार ने भारतीय सेना को खुली छूट दे दी है जो सीमा पर साहस और वीरता की अनूठी मिसाल पेश कर रही है।
प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने यह बात कांग्रेस नेता राहुल गांधी की इस टिप्पणी के जवाब में कही कि सरकार सुरक्षाबलों की बात नहीं सुन रही है और इसके बजाय राजनीतिक लाभ के लिए उनका इस्तेमाल कर रही है।
त्रिवेदी ने एक बयान में कहा, ‘कांग्रेस सेना को स्वतंत्र रूप से काम नहीं करने देती थी। अब भी वह बार-बार झूठे बयान देकर उसका मनोबल गिराने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी कहते हैं कि सेना को अपना काम करने देना चाहिए। हम उसे अपना काम करने दे रहे हैं, और इसीलिए वह विजयी हो रही है।’
उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा अपनी किताब में 26/11-मुंबई आतंकी हमले का संदर्भ दिए जाने का हवाला दिया जिसमें उन्होंने उल्लेख किया है कि भारतीय सेना कड़ी कार्रवाई करने के लिए तैयार थी लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने इसे रोक दिया।
भाजपा नेता ने दावा किया कि ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार का मानना था कि अगर सेना कार्रवाई करती है तो भाजपा को उन परिस्थितियों से लाभ होगा जो सामने आ सकती हैं।
उन्होंने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष की सरकार की विदेश नीति की आलोचना को भी खारिज किया।
त्रिवेदी ने कहा कि कूटनीति और संवाद के जरिए यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों के लिए प्रधानमंत्री मोदी की विश्व स्तर पर ‘सराहना’ की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



