Bypoll results 2022: बिहार-बंगाल में RJD और TMC ने मारी बाजी, उपचुनावों में BJP नहीं खोल पाई खाता

Summary :

पश्चिम बंगाल के आसनसोल की एक लोकसभा सीट और बंगाल के बालीगंज की चार विधानसभा सीटों, छत्तीसगढ़ के खैरागढ़, बिहार के बोचाहन और महाराष्ट्र के कोल्हापुर उत्तर की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं..

पश्चिम बंगाल के आसनसोल की एक लोकसभा सीट और बंगाल के बालीगंज की चार विधानसभा सीटों, छत्तीसगढ़ के खैरागढ़, बिहार के बोचाहन और महाराष्ट्र के कोल्हापुर उत्तर की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। पश्चिम बंगाल में आसनसोल लोकसभा सीट और बालीगंज विधानसभा उपचुनाव में टीएमसी ने बाजी मार ली है जिस पर पार्टी प्रमुख व सीएम ममता बनर्जी ने खुशी जाहिर करते हुए मतदाताओं का धन्यवाद किया है।
15 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रही है कांग्रेस उम्मीदवार 
वहीं, छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ सीट पर मतगणना में कांग्रेस उम्मीदवार यशोदा वर्मा 15 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रही है वहीं बीजेपी उनके मुकाबले बहुत पीछे हैं जिसके बाद इस सीट पर कांग्रेस की जीत पक्की मानी जा रही है। रुझानों के सामने आने के बाद यशोदा वर्मा ने एक बयान में कहा, “हम जीत गए हैं। जनता ने सरकार के काम पर मुहर लगा दी है।” उन्होंने आगे कहा कि जीत की घोषणा के बाद सबसे पहले मैं कार्यकर्ताओं से बात करूंगी. यशोदा ने ये भी कहा कि उन्हें महिला वोटर्स का सबसे ज्यादा सहयोग मिला है। 
बोचहां सीट पर राजद ने मारी बाजी
बिहार के बोचहां सीट की बात करें तो यहां राजद बाजी मारते दिख रही है। 19वें राउंड के बाद राजद के प्रत्याशी अमर पासवान 27,129 वोटों से आगे चल रहे हैं तो वहीं बीजेपी की बेबी कुमारी 35 हजार वोटों के आस-पास चल रही हैं। इसके बाद वीआईपी की डॉ. गीता कुमारी 20 हजार वोटों पर तीसरे नंबर पर बनी हुई हैं। बोचाहन सीट पर राजद की जीत पक्की होते दिख रही है। 
जयश्री जाधव ने कोल्हापुर उत्तर विधानसभा उप चुनाव पर मारी बाजी
महाराष्ट्र के कोल्हापुर उत्तर विधानसभा उप चुनाव पर नतीजे सामने आ गए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी जयश्री जाधव ने यहां बड़ी जीत हासिल की है। जयश्री जाधव ने काउटिंग के पहले राउंड से लेकर 26 राउंड तक लगातार बढ़त बनाये रखी। जानकारी के मुताबिक जयश्री ने अच्छे खासे अंतर से बीजेपी को मात दी है। वहीं नतीजों के सामने आने के बाद जयश्री के घर के बाहर कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजियां कर जश्न मनाया है।

Desk Team