केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने शुक्रवार दोपहर 12वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया। सीबीएसई द्वारा घोषित किए गए 12वीं के रिजल्ट में कुल 99.37 फीसदी छात्र पास हुए हैं। पास होने वाले छात्रों में 99.13 फीसदी लड़के और 99.67 प्रतिशत लड़कियां हैं। सीबीएसई ने परीक्षा परिणाम की आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि बारहवीं बोर्ड रिजल्ट में लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों की तुलना में 0.54 फीसदी अधिक रहा है।
इस वर्ष केंद्रीय विद्यालय में 12वीं कक्षा का रिजल्ट शानदार रहा है। केंद्रीय विद्यालय के शत प्रतिशत छात्र 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने में सफल रहे। यानी केंद्रीय विद्यालय का रिजल्ट इस बार 100 फीसदी है। इसी तरह केंद्रीय तिब्बती स्कूलों का रिजल्ट भी 100 फीसदी आया है। यहां भी 12वीं के सभी छात्र पास हो गए हैं। बोर्ड ने आधिकारिक वेबसाइट पर 12वीं का परिणाम जारी किया है। इस साल कोरोना वायरस की वजह से बोर्ड ने बारहवीं की परीक्षाओं को रद्द कर दिया था।
सीबीएसई बोर्ड ने इस बार 12वीं का रिजल्ट आंतरिक मूल्यांकन के जरिए तैयार किया है। छात्र अपने रोल नंबर और जन्मतिथि के जरिए बारहवीं का रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं। वहीं 10वीं कक्षा का रिजल्ट अगले सप्ताह घोषित किया जा सकता है। बीते वर्ष की ही भांति इस साल भी सीबीएसई ने बारहवीं कक्षा का रिजल्ट पहले जारी किया है। 10वीं का रिजल्ट बाद में जारी किया जाएगा।
सीबीएसई ने इस विषय पर आधिकारिक जानकारी देते हुए कहा कि बारहवीं कक्षा का परिणाम शुक्रवार दोपहर 2 बजे घोषित कर दिया गया है। बोर्ड ने छात्रों से कहा है ऑनलाइन रिजल्ट प्राप्त करने के लिए छात्र अपना रोल नंबर का इस्तेमाल करें। छात्र रोल नंबर फाइंडर सुविधा का उपयोग करें। परिणाम डिजिलॉकर में भी डाउनलोड किए जा सकते हैं। छात्र अपना रिजल्ट डाउनलोड और प्रिंट भी कर सकते हैं।
छात्र सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट और उमंग एप के जरिए 12वीं का रिजल्ट देख सकते हैं। इसके अलावा, छात्र एसएमएस के जरिए भी बारहवीं का रिजल्ट हासिल कर सकते हैं। गौरतलब है कि इस वर्ष कोरोना महामारी के कारण बोर्ड परीक्षाएं आयोजित नहीं की जा सकीं। इसके मद्देनजर सीबीएसई ने 10वीं 12वीं बोर्ड का रिजल्ट एक विशेष फार्मूले के तहत जारी करने का निर्णय लिया है। बारहवीं कक्षा का रिजल्ट तय करते समय कक्षा 10वीं 11वीं और 12वीं में किए गए प्रदर्शन को ध्यान में रखा जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



