वैक्सीन की पर्याप्त खुराकों को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यानी आज कहा कि राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास कोविड-19 रोधी टीके की 3.29 करोड़ खुराक अब भी उपलब्ध हैं। मंत्रालय ने कहा कि सभी स्रोतों के माध्यम से अब तक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को 45.37 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं तथा 11,79,010 अन्य खुराकों की आपूर्ति करने की प्रक्रिया चल रही है। रविवार सुबह आठ बजे तक के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक 42,08,32,021 खुराकों का इस्तेमाल हो चुका है। इनमें बर्बाद हो चुकी खुराक भी शामिल हैं।
देश में टीकाकरण के नए चरण की शुरुआत 21 जून को हुई थी। राष्ट्रव्यापी टीकाकरण कार्यक्रम के तहत सरकार राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को नि:शुल्क टीके मुहैया करा रही है। नए चरण के तहत केंद्र सरकार 75 प्रतिशत टीके खरीदकर राज्यों को नि:शुल्क आपूर्ति कर रही है। वहीं अगर बात करें देश में कोरोना वायरस महामारी के मामलों की तो भारत में कोविड का कहर थमने लगा है। पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 39,742 नए मामलों की पुष्टि हुई और 535 लोगों की मौत हुई।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 3,13,71,901 हो गयी है और मौत का आंकड़ा 4,20,551 हो गया है। देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 4,08,212 है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कुल 39,972 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी गई है,जिससे अब तक कुल डिस्चार्ज की संख्या 3,05,43,138 हो गयी है।