केंद्र का दावा- सभी राज्यों के पास अब भी कोरोना वैक्सीन की 2.18 करोड़ से अधिक खुराक मौजूद

Summary :

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोविड-19 रोधी टीके की 2.18 करोड़ से अधिक खुराकें उपलब्ध हैं जबकि अगले तीन दिन के भीतर उन्हें और 56,70,350 खुराकें और दी जाएंगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोविड-19 रोधी टीके की 2.18 करोड़ से अधिक खुराकें उपलब्ध हैं जबकि अगले तीन दिन के भीतर उन्हें और 56,70,350 खुराकें और दी जाएंगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि देश में अब तक कुल 26,55,19,251 लोगों को टीका लगाया गया है, जिनमें 28,00,458 ऐसे लोग शामिल हैं जिन्हें पिछले 24 घंटों में टीका लगाया गया है। मंत्रालय ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा अब तक राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को 27.28 करोड़ से अधिक (27,28,31,900) खुराकें दी गई हैं। 
ये खुराकें उन्हें भारत सरकार की ओर से नि:शुल्क तथा राज्यों द्वारा सीधे खरीद की श्रेणी में दी गई हैं। मंत्रालय ने बताया कि गुरुवार सुबह आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक कुल 25,10,03,417 खुराकों (बर्बाद हुए टीकों समेत) का इस्तेमाल हुआ है। उसने बताया, ‘‘राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोविड-19 रोधी टीकों की कुल 2,18,28,483 खुराक अब भी मौजूद हैं। इसके अलावा, अगले तीन दिन में और 56,70,350 खुराकें उन्हें उपलब्ध करवाई जाएंगी।’’
बता दें कि राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत भारत सरकार राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को नि:शुल्क टीके दे रही है। इसके अलावा राज्य टीकों की सीधी खरीद भी कर सकते हैं। कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण देश में एक मई को आरंभ हुआ था। महामारी से निबटने की सरकार की व्यापक रणनीति का एक अहम स्तंभ टीकाकरण है। बता दें कि देशभर में कोरोना वायरस के मामलों गिरावट का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में कोविड 19 संक्रमण के 67,208 नए मामलों की पुष्टि हुई और इस दौरान 2,330 लोगों की मौत हो गई। 

Desk Team