केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी कोविड-19 रोधी टीके की 1.63 करोड़ से अधिक खुराक उपलब्ध हैं। केंद्र ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अब तक टीके की 24 करोड़ से अधिक (24,60,80,900) खुराक मुहैया कराई हैं। ये खुराक नि:शुल्क या प्रत्यक्ष राज्य खरीदारी व्यवस्था के जरिए उपलब्ध कराई गई है।
मंत्रालय ने बताया कि अब तक 22,96,95,199 खुराक इस्तेमाल की जा चुकी हैं, जिनमें बर्बाद हुई खुराक भी शामिल हैं। इसने कहा, ‘‘राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के पास अब भी कुल टीके की कुल 1,63,85,701 खुराक उपलब्ध हैं।’’ बता दें कि भारत में एक दिन में कोविड-19 के 1,14,460 नए मामले सामने आए जो 60 दिन की अवधि में सबसे कम संख्या है। इसके साथ ही दैनिक संक्रमण दर घटकर अब 5.62 प्रतिशत रह गई है।
वहीं, महामारी से 2,677 और लोगों की मौत हो गई।केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को अपने अद्यतन आकड़ों में यह जानकारी दी और कहा कि संक्रमण के नए मामलों के साथ देश में महामारी के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 2,88,09,339 हो गई है। वहीं संक्रमण से 2,677 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 3,46,759 हो गई है। करीब 42 दिन में मृतकों की यह सबसे कम संख्या है। उपचाराधीन मामलों की संख्या भी घटकर 15 लाख से कम रह गई है। छह अप्रैल को 24 घंटे में संक्रमण के 96,982 नए मामले सामने आए थे।


Download Android App
Download iOS App



