केंद्र सरकार ने निजी टेलीविजन समाचार चैनलों को कोविड-19 जागरुकता अभियान के एक हिस्से के रूप में लोगों के फायदे के लिए चार नए राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करने के लिए कहा है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने रविवार को इस संबंध में सभी निजी टेलीविजन समाचार चैनलों को पत्र लिखकर कहा कि राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबरों को समय-समय पर टिकर के जरिए अथवा किसी अन्य उपयुक्त तरीके से चलाया जाना चाहिए।
लोगों को कोविड-19 महामारी के इलाज, इसके संक्रमण से बचाव के तरीकों तथा टीकाकरण के बारे में जागरुक करने के लिए सरकार ने निजी टेलीविजन समाचार चैनलों की प्रशंसा करते हुए सरकार ने कहा कि चैनलों ने इस महामारी के खिलाफ जारी लड़ाई में सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को और मजबूत किया है। चैनलों को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय का राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर-1075, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय का बाल हेल्पलाइन नंबर-1098, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय का वरिष्ठ नागरिक हेल्पलाइन नंबर- 14567 प्रदर्शित करने को कहा गया है।
इसके अलावा महामारी के दौरान मानसिक तनाव का सामना कर रहे लोगों को मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं तंत्रिका विज्ञान संस्थान का हेल्पलाइन नंबर – 08046110007 भी प्रदर्शित करने के लिए कहा गया है। समाचार चैनलों से कहा गया है कि वे नियमित तौर पर विशेष रूप से प्राइम टाइम कार्यक्रमों के दौरान यह हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित करें।


Download Android App
Download iOS App



