प्रवर्तन निदेशालय अखबार ‘नेशनल हेराल्ड’ से जुड़े धनशोधन के मामले में बृहस्पतिवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ करेगा। इस मौके पर सोनिया के प्रति एकजुटता प्रकट करते हुए उनकी पार्टी देश भर में प्रदर्शन करेगी।कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार रात राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर बैठक की और कल के लिये रणनीति पर चर्चा की।
इसमें राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और सांसद शामिल हुए।गहलोत ने ट्वीट किया, ‘‘खड़गे के निवास पर बैठक हुई। उसमें किस तरह विपक्ष की आवाज को कुचला जा रहा है, ईडी निशाना बना रही है उसके खिलाफ सभी ने रोष प्रकट किया और कल कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ पूरी कांग्रेस एकजुट होकर खड़ी रहेगी।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस ने सोनिया गांधी की पेशी के मद्देनजर ही बृहस्पतिवार सुबह वरिष्ठ नेता और सांसद पार्टी मुख्यालय में जमा होंगे।उनका कहना है कि भारतीय युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी दिल्ली पहुंचे हैं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘मोदी-शाह (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह) की जोड़ी द्वारा हमारे शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ जिस प्रकार से राजनीतिक प्रतिशोध जारी है, उसके विरुद्ध कांग्रेस पार्टी अपनी नेता सोनिया गांधी के साथ सामूहिक एकजुटता व्यक्त करते हुए कल देश भर में प्रदर्शन करेगी।”सोनिया गांधी से पूछताछ के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय और ईडी कार्यालय के निकट सुरक्षा चाकचौबंद कर दी है। 24 अकबर रोड पर अवरोधक लगाया गया था।
ईडी ने सोनिया गांधी (75) को 23 जून के लिए दूसरा समन जारी किया था, लेकिन वह उस तारीख पर पेश नहीं हो सकीं, क्योंकि कोविड-19 और फेफड़ों में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती होने के बाद चिकित्सकों ने उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी थी। कांग्रेस अध्यक्ष को पहले भी आठ जून को पेशी के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कारण उन्हें 23 जून के लिए समन जारी किया गया था।
ईडी ने सोनिया गांधी के पुत्र और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से इस मामले में पांच दिनों तक कई सत्र में 50 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की थी। यह जांच कांग्रेस द्वारा प्रवर्तित यंग इंडियन प्राइवेट लिमिटेड में कथित वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित है, जो नेशनल हेराल्ड अखबार का मालिक है।
सोनिया, राहुल से पूछताछ की कार्रवाई पिछले साल के अंत में ईडी द्वारा धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत एक नया मामला दर्ज करने के बाद शुरू की गई। इससे पहले, एक निचली अदालत ने 2013 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी द्वारा दायर एक निजी आपराधिक शिकायत के आधार पर यंग इंडियन के खिलाफ आयकर विभाग की जांच का संज्ञान लिया था।


Download Android App
Download iOS App



