अनुशासनहीनता पर कांग्रेस आलाकमान सख्त, सुनील जाखड़ और केवी थॉमस को भेजा कारण बताओ नोटिस

Summary :

कांग्रेस ने अनुशासनहीनता के आरोपों का सामना कर रहे अपने दो वरिष्ठ नेताओं सुनील जाखड़ और के वी थॉमस को कारण बताओ नोटिस जारी करने का फैसला किया है।

कांग्रेस आलाकमान इन दिनों कुछ ज्यादा ही सक्रिय नजर आ रहा है। ऐसे में अंदरूनी मसलों को जल्द से जल्द निपटाने के लिए पार्टी अब सख्त हो गई है। कांग्रेस ने अनुशासनहीनता के आरोपों का सामना कर रहे अपने दो वरिष्ठ नेताओं सुनील जाखड़ और के वी थॉमस को कारण बताओ नोटिस जारी करने का फैसला किया है। पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति की बैठक में यह फैसला किया गया।  

कांग्रेस महासचिव तारिक अनवर ने दी जानकारी  
इस समिति के सदस्य सचिव और कांग्रेस महासचिव तारिक अनवर ने बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया, ‘‘कांग्रेस के संविधान के अनुसार, कारण बताओ नोटिस देने का फैसला किया गया है। (दोनों को) एक सप्ताह का समय दिया गया है। अगर उनका जवाब संतोषजनक नहीं होगा, तो फिर समिति की बैठक होगी, जिसमें अंतिम निर्णय लिया जाएगा।’’   
चन्नी के खिलाफ की थी आपत्तिजनक टिप्पणी 
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ पर विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देने तथा पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ ‘आपत्तिजनक टिप्पणी’ करने का आरोप है। दूसरी तरफ, केरल से ताल्लुक रखने वाले के वी थॉमस पिछले दिनों पार्टी के रुख के खिलाफ जाकर राज्य में सत्तारूढ़ माकपा की एक संगोष्ठी में शामिल हुए थे। केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी नेतृत्व से उनके खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की है।

Desk Team