नई दिल्ली : राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप में भाषाई शुचिता एक बार फिर से तार—तार होती दिखाई पड़ी। दरअसल, महाराष्ट्र के सोलापुर में कांग्रेस की महिला विधायक ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डेंगू मच्छर करार दे दिया। इसे मारने के लिए आप कीटनाशकों का इस्तेमाल कीजिए। प्रणीति शिंदे ने रैली में कहा, ”हमारे देश में डेंगू का एक नया मच्छर आ गया है, जिसका नाम मोदी बाबा है, उसकी वजह से सब बीमार पड़ रहे हैं, इसलिए जो बन पड़े आप कीजिए, कीटनाशक छिड़किए और अगली बार उसे सत्ता से बाहर फेंक दीजिए।
इसके अलावा कांग्रेस की इस विधायक ने स्थानीय बीजेपी सांसद शरद बंसोदे को ‘शराबी’ की संज्ञा दे दी। प्रणीति शिंदे ने कहा, ”इस जिले के विकास के लिए बीजेपी नेताओं ने एक पैसा भी खर्च नहीं किया है, सरकार ने इस जिले को जो दो नेता दिए हैं वो आपस में लड़ते रहते हैं इसमें से एक तो शराबी है। कांग्रेस विधायक की टिप्पणी का बीजेपी सांसद ने भी जवाब दिया।
बीजेपी सांसद ने कहा कि रेव पार्टी करने वाले लोगों को मुझ पर हमला करने का कोई हक नहीं है। शरद बंसोदे ने कहा, ”वैसे लोग जो रेव पार्टियों में पकड़े जाते हैं उन्हें मुझ पर हमला करने का हक नहीं है, मुझे पता है वह मुंबई में क्या करती हैं, यदि मैं अपना मुंह खोला तो वह सोलापुर में मुंह दिखाने लायक नहीं रह जाएंगी, यह उनको आखिरी चेतावनी है।


Download Android App
Download iOS App



