केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सोमवार को आरोप लगाया कि लोकसभा में कांग्रेस सांसदों ने भाजपा की महिला सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया और वह लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष इस विषय को उठायेंगी ।
लोकसभा में सोमवार को विपक्षी सदस्यों ने दिल्ली में पिछले दिनों हुई हिंसा को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए भारी हंगामा किया और इस दौरान कांग्रेस एवं भाजपा सदस्यों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने संसद भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ कांग्रेस सांसदों ने लोकसभा में भाजपा की महिला सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार किया । मैं लोकसभा अध्यक्ष से अपील करूंगी कि वह उनके (कांग्रेस सदस्यों) खिलाफ संभव कठोरतम कार्रवाई करें।’’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ पिछले दो..तीन सत्र से कांग्रेस के गुंडा तत्व सदन की कार्रवाई में बाधा डाल रहे हैं। ’’ स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस सदस्यों का यह कदम गांधी परिवार की हताशा को दर्शाता है।
इससे पहले, कांग्रेस सांसद राम्या हरिदास ने लोकसभा में भाजपा सदस्य जसकौर मीणा पर अपने साथ मारपीट करने का आरोप लगाया और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।


Download Android App
Download iOS App



