कांग्रेस ने अमेरिकी राष्ट्रपति के भारत दौरे से पहले उठाया GSP का मुद्दा

Summary :

रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, ‘हाउडी मोदी’ एवं ‘नमस्ते ट्रंप’ जैसे कार्यक्रमों के बाद क्या प्रधानमंत्री जीएसपी दर्जा को बहाल किया जाना सुनिश्चित करेंगे?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारत दौरे को लेकर विपक्ष केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर है। ट्रम्प की भारत यात्रा से एक दिन पहले रविवार को कांग्रेस ने एक बार फिर बहुप्रचारित मोदी-ट्रंप के सार्वजनिक कार्यक्रम को लेकर सवाल खड़ा किया। उन्होंने इसे सामान्य तरजीही व्यवस्था (जीएसपी) से जोड़ा, जिसे अमेरिका खत्म कर चुका है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री ट्रम्प से जीएसपी दर्जा को बहाल किया जाना सुनिश्चित करेंगे?

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, “अमेरिका ने पांच जून 2019 को जीएसपी के तहत भारत को शुल्क मुक्त आयात की सुविधा देनी बंद कर दी। इससे अमेरिका में 5.6 अरब डॉलर का भारतीय निर्यात प्रभावित हुआ, जिसमें रत्न, आभूषण, चावल, चमड़ा आदि शामिल हैं।” उन्होंने कहा, ‘हाउडी मोदी’ एवं ‘नमस्ते ट्रंप’ जैसे कार्यक्रमों के बाद क्या प्रधानमंत्री जीएसपी दर्जा को बहाल किया जाना सुनिश्चित करेंगे? 

यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारत यात्रा के समय जीएसपी का मुद्दा उठाया है।बता दें इससे पहले शुक्रवार को कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा था, “इस यात्रा को सिर्फ फोटो खिंचाने या पीआर कार्य तक सीमित नहीं रखना चाहिए। इससे हमारे साझेदारी का महत्व कम होगा, जो कि भारत के राष्ट्रीय हित में नहीं होगा।”

किसानों के हित में जल्द बनाया जाएगा आयोग : अशोक गहलोत

उन्होंने कहा था कि भारत को जीएसपी बहाली करने व विकासशील देश की मान्यता देने के मुद्दों को उठाना चाहिए।संयुक्त राज्य व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) के कार्यालय ने पूर्व में भारत को एक विकसित अर्थव्यवस्था में वर्गीकृत किया था, जिससे यह अमेरिका द्वारा सभी विकासशील देशों को दिए जाने वाले लाभ पाने के लिए अयोग्य हो।

Desk Team