PM के लॉकडाउन बढ़ाने के फैसले को मिला कांग्रेस का समर्थन, वित्तीय पैकेज की घोषणा न होने पर उठाए सवाल

Summary :

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लागू देशव्यापी लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाने की घोषणा कर चुके है।

कोरोना वायरस (कोविड-19) के प्रकोप को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाए जाने के फैसले का कांग्रेस ने समर्थन किया है। लेकिन इस दौरान किसी भी तरह के वित्तीय पैकेज की घोषणा न होने पर पार्टी ने केंद्र सरकार पर सवाल खड़े किए है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने ट्वीट किया, ”हम लॉकडाउन बढ़ाने की मजबूरी समझते हैं। हम इस निर्णय का समर्थन करते हैं।” उन्होंने आरोप लगाया, ”गरीबों को 40 दिनों (21+19) के लिए अपने हाल पर छोड़ दिया गया है। पैसा है, खाद्य सामग्री है, लेकिन सरकार इन्हें जारी नहीं कर रही।” 


कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने दावा किया, ”प्रधानमंत्री के भाषण में कुछ भी विशेष नहीं था। वित्तीय पैकेज की घोषणा नहीं की गयी, कोई विवरण नहीं दिया गया, कोई ठोस बात नहीं है। मध्य वर्ग, गरीब और कारोबारियों के लिए कुछ नहीं कहा गया।” उन्होंने सवाल किया, ”लॉकडाउन अच्छा है, लेकिन जीविका का मुद्दा कहां है?”


बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लागू देशव्यापी लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ाने की घोषणा कर चुके है। उन्होंने इस अहम फैसले को विश्वव्यापी महामारी को परास्त करने के लिए जरूरी बताया। 

उन्होंने कहा कि राज्यों एवं विशेषज्ञों से चर्चा और वैश्विक स्थिति को ध्यान में रखते हुए भारत में लॉकडाउन को अब 3 मई तक और बढ़ाने का फैसला किया गया है। गौरतलब है कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लागू 21 दिन के लॉकडाउन का वर्तमान चरण आज (14अप्रैल) समाप्त हो रहा है।

Desk Team