पर्यावरण एवं वन संबंधित कानूनों को लेकर कांग्रेस नेता ने साधा केंद्र पर निशाना- वैश्विक सुर्खियां, स्थानीय सिरदर्द

Summary :

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाया कि सरकार देश में पर्यावरण एवं वन से संबंधित कानूनों को कमजोर कर रही है, जबकि मोदी वैश्विक स्तर पर सुर्खियां बटोर रहे हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने ग्लासगो में सीओपी26 शिखर बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन से पहले सोमवार को आरोप लगाया कि सरकार देश में पर्यावरण एवं वन से संबंधित कानूनों को कमजोर कर रही है, जबकि मोदी वैश्विक स्तर पर सुर्खियां बटोर रहे हैं। पूर्व पर्यावरण मंत्री ने कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया,‘‘वैश्विक सुर्खियां, स्थानीय सिरदर्द।’’ 

रमेश ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के ग्लासगो में यह घोषणा करने की संभावना है कि भारत अपनी नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 2030 तक दोगुना करेगा। कीमतों में भारी कटौती इसे अपरिहार्य बनाती है। परंतु क्या यह भुला दिया जाएगा कि उनकी सरकार भारत में पर्यावरण एवं वन कानूनों को कमजोर कर रही है।’’ 
प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को ग्लासगो में सीओपी26 शिखर बैठक में भारत का जलवायु कार्रवाई एजेंडा पेश करेंगे तथा इस क्षेत्र में उठाये गए श्रेष्ठ कदमों एवं उपलब्धियों के बारे में बतायेंगे। सीओपी26 में विश्व नेताओं के उच्च स्तरीय शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी का दुनिया के अन्य नेताओं के साथ राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य पर आधारित बयान पेश करने का कार्यक्रम है। भारत का बयान पोलैंड के प्रधानमंत्री मैटिअस्ज मोरावीकी के बयान बाद आयेगा। 

Desk Team