कांग्रेस बनाम ट्विटर का विवाद अब नरमी की ओर है। माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट ने शनिवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस और उसके कई वरिष्ठ नेताओं के अकाउंट को अनलॉक कर दिया। तकरीबन एक हफ्ते के बाद हुई इस बहाली पर कांग्रेस ने प्रतिक्रिया देते हुए पहला ट्वीट किया, जिसमें उसने ‘सत्यमेव जयते’ लिखा।
ट्विटर अकाउंट अनलॉक होने के बाद कांग्रेस ने ‘‘सत्यमेव जयते’’ का ट्वीट किया। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने अपना ट्विटर अकाउंट बहाल होने के बाद ट्वीट किया, ‘‘प्रिय ट्विटर, आपने मेरा अकाउंट लॉक क्यों किया, जबकि आप मेरा पोस्ट हटा सकते थे? मैंने अपना पोस्ट न तो डिलीट किया और न ही अपील की, फिर आपने मेरा अकाउंट बहाल क्यों किया? आप किसके दबाव में काम कर रहे हैं?’’
Satyameva Jayate
— Congress (@INCIndia) August 14, 2021
राहुल गांधी ने अपना ट्विटर अकाउंट बंद किये जाने को लेकर खड़े हुए विवाद की पृष्ठभूमि में शुक्रवार को ट्विटर पर जमकर निशाना साधा था और आरोप लगाया था कि यह अमेरिकी कंपनी भारत की राजनीतिक प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रही है तथा लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला कर रही है। उन्होंने यह दावा भी किया था कि ट्विटर पक्षपातपूर्ण है और वह सरकार के कहे मुताबिक काम कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि ट्विटर ने राहुल गांधी, कांग्रेस और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के ट्विटर अकाउंट बंद कर दिये थे। कुछ दिनों पहले ही दिल्ली में कथित दुष्कर्म एवं हत्या की पीड़िता नौ वर्षीय बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की तस्वीर साझा करने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष का ट्विटर अकाउंट बंद किया गया था।
ट्विटर ने कहा था कि उसने ये कदम नियमों के तहत उठाए हैं। कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को कहा था कि उसके और उसके कई नेताओं के ट्विटर अकाउंट को इस माइक्रो-ब्लॉगिंग साइट ने लॉक कर दिया है, हालांकि ट्विटर ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर यह कदम उठाया गया है।
कांग्रेस का कहना था कि उसके संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, महासचिव अजय माकन, जितेंद्र सिंह, सांसद मणिकम टैगोर, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव, प्रवक्ता पवन खेड़ा समेत करीब 5000 नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के ट्विटर अकाउंट लॉक किये गए।


Download Android App
Download iOS App



