कोरोना संकट : लॉकडाउन के बाद से अबतक पीएम किसान योजना के तहत जारी किए गए 16,621 करोड़ रुपये

Summary :

योजना के तहत शेष राशि मौजूदा वित्त वर्ष के लिये पहली किस्त के तौर पर 14,945 करोड़ रुपये की राशि 7.47 करोड़ किसानों को जारी की जा चुकी है।

देशभर में कोविड-19 के मरीजों की संख्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने देश में लॉकडाउन घोषित कर रखा है। लॉकडाउन के दौरान सरकार ने देशभर में अबतक 8.31 करोड़ किसानों को 16,621 कोरोड़ रुपये वितरित कर दिए है। कोरोना वायरस महामारी के प्रसार को रोकने के लिये देशभर में 24 मार्च से लॉकडाउन लागू किया गया था। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि लॉकडाउन के दौरान पीएम किसान योजना के तहत जो पूरी राशि जारी की गई है उसमें पिछले वित्त वर्ष की बकाया राशि 1,674.43 करोड़ रुपये भी शामिल है। यह राशि 83.77 लाख लाभार्थी किसानों को जारी की गई।
योजना के तहत शेष राशि मौजूदा वित्त वर्ष के लिये पहली किस्त के तौर पर 14,945 करोड़ रुपये की राशि 7.47 करोड़ किसानों को जारी की जा चुकी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम किसान) योजना के तहत किसानों को एक वित्त वर्ष में दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों में कुल 6,000 रुपये की नकद सहायता दी जाती है जोकि सीधे किसानों के बैंक खातों में डाली जाती है। केवल कुछ ऊंची आय वाले किसानों को ही इससे बाहर रखा गया है। 
बहरहाल सरकार ने 27 मार्च से तीन सप्ताह के लिये लागू लॉकडाउन को देखते हुए तुरंत सहायता देने के लिये पीएम किसान योजना के 8.69 करोड़ लाभार्थी किसानों को अप्रैल के पहले सप्ताह में ही 2,000 रुपये की पहली किस्त जारी करने का वादा किया। इसी वादे के तहत अब तक 16,621 करोड़ रुपये किसानों के बैंक खातों में डाले गए हैं।

Desk Team