राहत : देश में 24 घंटे में 1 लाख से कम कोरोना केस, 895 मरीजों की मौत

Summary :

देश में पिछले 24 घंटे में एक लाख से कम नए मामले सामने आए हैं। वहीं संक्रमण से हुई 895 मरीजों की मौत की संख्या चिंताजनक बनी हुई है।

देश में कोरोना वायरस के दैनिक आंकड़ों में गिरावट का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में एक लाख से कम नए मामले सामने आए हैं। वहीं संक्रमण से हुई 895 मरीजों की मौत की संख्या चिंताजनक बनी हुई है। नए मामले के साथ ही देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,22,72,014 हो गई।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 से 895 और लोगों की मौत के बाद, संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 5,02,874 हो गई। देश में एक्टिव केस की संख्या घटकर 11,08,938 रह गई है, जो संक्रमण के कुल मामलों का 2.62 प्रतिशत है। 

दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,410 नये मामले सामने आये, 14 लोगों की गई जान

पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के एक्टिव केस की संख्या में 1,16,073 की कमी दर्ज की गयी। देश में मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 96.19 प्रतिशत है। अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 7.25 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 9.18 प्रतिशत दर्ज की गई। देश में अभी तक कुल 4,06,60,202 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। 
वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 169.63 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। 
संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए।
भाषा निहारिका प्रशांत

Desk Team