वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में इस विपक्षी पार्टी के कारण ही ‘अंधकाल’ था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में लोगों के वित्तीय समावेश और कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से ‘अमृतकाल’ की दिशा में कदम बढा़या गया है। उन्होंने लोकसभा में अगले वित्त वर्ष के केंद्रीय बजट पर सामान्य चर्चा का जवाब देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।
बजट पर चर्चा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस नेता शशि थरूर ने आरोप लगाया था कि सरकार भले ही ‘अमृत काल’ की बात कर रही है, लेकिन असल में इस सरकार के तहत यह ‘अंधकाल’ है। वित्त मंत्री ने थरूर की इस टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘देश में अंधकाल निश्चित तौर पर था, लेकिन वह सिर्फ कांग्रेस की वजह से था। 1991 में हमारा विदेशी मुद्रा भंडार दो सप्ताह तक का ही बचा था, जो अंधकाल था। इससे पहले आपातकाल के समय भी अंधकाल था।’’
सीतारमण ने कहा, ‘‘संप्रग सरकार, खासकर इसके दूसरे कार्यकाल में महंगाई दहाई अंकों में थी, वह भी निश्चित तौर पर अंधकाल था…कोयला घोटाला था, 2जी घोटाला था, अंतरिक्ष-देवास घोटाला था। रोजाना सुबह के अखबार में भ्रष्टाचार की खबरें आती थीं…नीतिगत पंगुता थी। वह अंधकाल था।’’ उनके मुताबिक, ‘अमृतकाल’ की दिशा में बढ़ने के लिए मोदी सरकार ने कई कदम उठाए हैं। मंत्री ने कहा कि जनधन योजना के कारण सभी भारतीय समस्त वित्तीय व्यवस्थाओं से जुड़े हैं और आज इन खातों में 1.57 लाख करोड़ रुपये जमा हैं। उन्होंने कहा कि इनमें 55.6 प्रतिशत खाते महिलाओं के हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार की कई अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया।


Download Android App
Download iOS App



