केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने वैश्विक स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए शनिवार को सलाहकारों, निवेशकों और उद्यमियों का एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क बनाने का आह्वान किया।
गोयल ने यहां आयोजित जी20 के सहभागिता समूह ‘स्टार्टअप20’ की एक बैठक को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये संबोधित करते हुए कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को स्टार्टअप को समर्थन और प्रेरणा देने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के तहत विचारों के आदान-प्रदान, सर्वोत्तम प्रथाओं और वित्तपोषण तंत्र की सुविधा और अनुसंधान एवं विकास में सहयोग को बढ़ावा देना चाहिए।
गोयल ने दुनिया के सभी हिस्सों में स्टार्टअप पारिस्थितिकी को विकसित के लिए सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जी20 शिखर बैठक के मेजबान देश के रूप में भारत को इस बात पर गर्व है कि उसने वैश्विक स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र की प्रगति और क्षमता को उजागर किया। गोयल ने कहा कि नवाचार पर भारत के विशेष जोर के तहत पहली बार भारत की जी20 अध्यक्षता में ‘स्टार्टअप20’ समूह की स्थापना की गई है।


Download Android App
Download iOS App



