प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ‘परीक्षा पे चर्चा’ के पांचवें सत्र में भाग लेने के लिए समय सीमा बढ़ा कर 27 जनवरी तक कर दी गई है। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
27 जनवरी तक बढ़ाई गयी तिथि
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘परीक्षा पे चर्चा के पांचवें सत्र में भाग लेने के लिए अंतिम तिथि बढ़ा कर 27 जनवरी तक कर दी गई है। ’’
‘परीक्षा पे चर्चा 1.0’ का आयोजन 16 फरवरी 2018 को तालकटोरा स्टेडियम में किया गया था
स्कूल और कॉलेज के छात्रों के साथ प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम का पहला सत्र ‘परीक्षा पे चर्चा 1.0’ का आयोजन यहां 16 फरवरी 2018 को तालकटोरा स्टेडियम में किया गया था।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इस कार्यक्रम का प्रारूप 2021 की तरह ही ऑनलाइन माध्यम रखने का प्रस्ताव है। प्रतिभागियों का चयन करने के लिए 28 दिसंबर से 20 जनवरी तक विभिन्न विषयों पर एक रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। चयनित विजेताओं द्वारा पूछे गये सवाल परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में शामिल किये जाएंगे।
अधिकारी ने कहा, ‘‘माय जीओवी पोर्टल पर प्रतियोगिताओं के जरिए चयनित किये गये करीब 2,500 प्रतिभागियों को राष्ट्रीय शैक्षणिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) के निदेशक से एक प्रमाणपत्र मिलेगा और प्रधानमंत्री द्वारा हिंदी एवं अंग्रेजी में लिखी गई ‘एग्जाम वारियर्स’ पुस्तक सहित परीक्षा पे चर्चा की एक विशेष किट भी दी जाएगी।’’


Download Android App
Download iOS App



