ट्विटर और केंद्र सरकार के बीच तनाव लगातार जारी है। अब यह विवाद भारत के नक्शे के साथ छेड़छाड़ करने को लेकर और बढ़ सकता है। माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने एक बार फिर अपनी वेबसाइट पर भारत का विरूपित नक्शा प्रदर्शित किया है, जिसमें इस बार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को देश का हिस्सा नहीं दिखाया गया है।
सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) संबंधी नए नियमों के अनुपालन को लेकर भारत सरकार के साथ जारी गतिरोध के बीच ट्विटर की वेबसाइट भारत का विरूपित नक्शा दर्शा रही है, जिसमें जम्मू कश्मीर और लद्दाख को एक अलग देश दिखाया गया है। ट्विटर वेबसाइट पर करियर खंड में ‘ट्वीप लाइफ’ शीर्षक के तहत यह स्पष्ट गड़बड़ी नजर आती है। यह दूसरा मौका है जब ट्विटर ने भारत के नक्शे को गलत तरीके से पेश किया है। इससे पहले उसने लेह को चीन का हिस्सा दर्शाया था।
गौरतलब है कि नए सोशल मीडिया नियमों को लेकर डिजिटल क्षेत्र की दिग्गज अमेरिकी कंपनी का भारत सरकार के साथ टकराव चल रहा है। भारत सरकार ने देश के नए आईटी नियमों की जानबूझ कर अनदेखी और अनुपालन में नाकामी को लेकर उसकी आलोचना की है, नए नियमों के तहत इस माइक्रोब्लॉगिंग मंच को मध्यस्थ के तौर पर मिली कानूनी राहत समाप्त हो गई है और ऐसे में वह उपयोगकर्ता द्वारा डाली गई किसी भी गैरकानूनी पोस्ट के लिये उत्तरदायी होगा।


Download Android App
Download iOS App



