उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से आज यानी 9 जुलाई को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दरअसल, सैदपुर थाना क्षेत्र के बलुआ भीरा गांव में खेत में काम कर रही एक महिला और उसकी बेटी की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव शोक में डूब गया है। वहीं परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। आइए जानते हैं पूरे मामले को आसान भाषा में विस्तार से।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पूरे मामले पर नजर डाले तो, सामने आता है कि बलुआ भीरा गांव की रहने वाली 45 वर्षीय सीमा देवी अपने खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन का एक टूटा ( High Voltage Wire Accident) हुआ तार नीचे की ओर लटक रहा था। ऐसे में काम करने के दौरान वह अचानक तार की चपेट में आ गई। बता दें, कि करंट इतना तेज था कि वह मौके पर ही गिर पड़ीं और उनकी मौत हो गई।
मां को बचाने पहुंची बेटी की मौत

इस दौरान जब 15 वर्षीय बेटी ने अपनी मां को करंट की चपेट में पड़े देखा तो वह बिना कुछ सोचे-समझे उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़ी। लेकिन जैसे ही उसने मां को छुहा वो भी करंट की चपेट में आ गई और उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई। यह भयानक दर्दनाक दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोग भी घबरा गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सैदपुर ले जाया गया। लेकिन, अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मां और बेटी दोनों को मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी

हादसे की सूचना मिलते ही SDM, तहसीलदार और सैदपुर कोतवाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने परिवार के लोगों से बात कर उनका मनोबल बढ़ाया और घटना की जानकारी ली। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मां और बेटी की एक साथ मौत से पूरे बलुआ भीरा गांव में मातम छा गया है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना ने सभी को झकझोर दिया है। लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
शुरू की मामले की जांच
वहीं प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बिजली के टूटे तार की वजह से यह हादसा हुआ। जांच के बाद अगर किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App




