केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मशहूर उद्योगपति मुकेश अंबानी की सुरक्षा बढ़ा दी है। उन्हें अब जेड प्लस कैटेगरी की सुरक्षा दी जाएगी। इसके पहले अंबानी के पास जेड कैटेगरी की सुरक्षा थी। जेड प्लस सबसे उच्च श्रेणी की सुरक्षा मानी जाती है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार देश के बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी की सुरक्षा अब जेड से बढ़ाकर जेड प्लस कर दी गई है। ये फैसला इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) की थ्रेट परसेप्शन रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक अपनी सुरक्षा पर आने वाले खर्च का भुगतान खुद मुकेश अंबानी करेंगे।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जब से मुकेश अंबानी के मुंबई स्तिथ घर एंटीलिया के पास विस्फोटक मिला था, तब से ही उनकी सुरक्षा बढ़ाने पर विचार किया जा रहा था। अब जेड प्लस सुरक्षा मिलने के बाद सीआरपीएफ के करीब 50-58 कमांडो उनकी सुरक्षा में तैनात रहेंगे।
गौरतलब है कि पहली बार मुकेश अंबानी को साल 2013 में भुगतान के आधार पर जेड श्रेणी का सुरक्षा कवर दिया गया था। वहीं उनकी पत्नी नीता अंबानी को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है।


Download Android App
Download iOS App



