INDIA CORONA : पिछले 24 घंटे में आए 4,194 नए केस, 0.52 प्रतिशत रहा डेली पॉजिटिविटी रेट

Summary :

राष्ट्रीय स्तर पर कोरोना के नए मामलों में हो रही गिरावट के चलते देश में अब उपचाराधीन मामलों की संख्या घटकर 42 हजार 219 रह गई है।

देश में कोरोना वायरस का ग्राफ नीचे की ओर गिरता जा रहा है। हालांकि कल के मुकाबले 10 केस ज्यादा दर्ज किए गए है। राष्ट्रीय स्तर पर कोरोना के नए मामलों में हो रही गिरावट के चलते देश में अब उपचाराधीन मामलों की संख्या घटकर 42 हजार 219 रह गई है। वहीं कोरोना से रिकवर करने वालों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी जारी है। देश में पिछले 24 घंटे में चार हजार से ज्यादा केस दर्ज हुए हैं। 
255 लोगों की हुई मौत 
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 4,194 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,29,84,261 हो गई। वहीं, 255 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर  5,15,714 पर पहुंच गई।  उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.10 प्रतिशत है, जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने वाले लोगों की राष्ट्रीय दर सुधरकर 98.70 प्रतिशत हो गई है।
0.52 प्रतिशत रही संक्रमण की दैनिक दर 
कोरोना वायरस के मामलों में हो रही गिरावट के चलते देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 2,269 मामलों की कमी दर्ज की गयी है। संक्रमण की दैनिक दर 0.52 प्रतिशत दर्ज की गयी जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.55 प्रतिशत दर्ज की गयी। इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,24,26,328 हो गयी है और मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत दर्ज की गयी। देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 179.72 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी है।

Desk Team