भारतीय तटरक्षक दल ने अरब सागर में पकड़ी पाकिस्तानी नौका, चालक दल के 10 सदस्य सवार

Summary :

पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से जरा भी बाज नहीं आ रहा है। ऐसे में भारतीय तट रक्षक ने गुजरात के अपतटीय क्षेत्र में भारतीय जल क्षेत्र से एक पाकिस्तानी नौका पकड़ी है, जिसमें चालक दल के 10 सदस्य सवार हैं।

पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से जरा भी बाज नहीं आ रहा है। ऐसे में भारतीय तट रक्षक ने गुजरात के अपतटीय क्षेत्र में भारतीय जल क्षेत्र से एक पाकिस्तानी नौका पकड़ी है, जिसमें चालक दल के 10 सदस्य सवार हैं। यह सब तब हुआ जब तटरक्षक जहाज ‘अंकित’ ने शनिवार रात अरब सागर में अपने ऑपरेशन के दौरान एक पाकिस्तानी नाव ‘यासीन’ को पकड़ा है। इस नाव में चालक दल के साथ पाकिस्तानी सवार थे।  

भारतीय तटरक्षक दल पोरबंदर ले गया  
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तानी नाव भारतीय जलक्षेत्र में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी। फिलहाल भारतीय तटरक्षक बल के अधिकारियों ने कहा है कि पाकिस्तानी चालक दल को पूछताछ के लिए पोरबंदर लाया जा रहा है। अधिकारियों के जानकारी देते हुए बताया कि पाकिस्तानी नाव भारतीय जल क्षेत्र के अंदर छह से सात मील की दूरी में प्रवेश कर चुकी थी। जैसे ही भारतीय तटरक्षक जहाज को पाकिस्तानी नाव ने देखा वे वापस भागने लगे, इसके बाद उनको पकड़ा गया।  
पाकिस्तानी उठाते है इसका फायदा   
बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को ही बीएसएफ ने पंजाब के फिरोजपुर जिले में सीमा पर पाकिस्तान की नाव पकड़ी गई थी। बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया था कि पेट्रोलिंग के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नाव पकड़ी गई थी। ऐसे नाव के इस्तेमाल से ड्रग्स की खेप पहुंचाई जाती है। ठंड के दिनों में पाकिस्तानी घने कोहरे का फायदा उठाकर ड्रग्स की सप्लाई करते हैं।  
इंडियन कोस्‍ट गार्ड ने  77 किलो हेरोइन बरामद की थी  
पंजाब में तो हाल के दिनों में पाकिस्तान के कई सारे ड्रोन भी पकड़े गए हैं। पिछले महीने इंडियन कोस्‍ट गार्ड और गुजरात एटीएस ने एक संयुक्‍त अभियान चलाकर पाकिस्‍तानी नौका को भारतीय समुद्री सीमा में पकड़ा था। इसकी तलाशी के दौरान इसमें 77 किलो हेरोइन बरामद की गई थी। अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 400 करोड़ रुपये आंकी गई। इस दौरान पाकिस्‍तानी नौका से 6 लोगों को भी पकड़ा गया था।

Desk Team