प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित प्रगति मैदान में आयोजित 90वीं इंटरपोल महासभा को संबोधित करेंगे। महासभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, इंटरपोल के अध्यक्ष अहमद नासेर अल-रैसी और उसके महासचिव महासचिव जर्गेन स्टॉक भी मौजूद रहेंगे।
भ्रष्टाचार के विभिन्न पहलुओं पर की जाएगी चर्चा
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने एक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी। इस महासभा में 195 देशों के प्रतिनिधि शिरकत करेंगे। PMO ने कहा कि इन प्रतिनिधियों में सदस्य देशों के मंत्री, पुलिस प्रमुख, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और केंद्रीय ब्यूरो के प्रमुख शामिल हैं। महासभा, इंटरपोल का सर्वोच्च शासी निकाय है और साल में एक बार इसकी बैठक होती है। इस बैठक में इंटरपोल के कामकाज की समीक्षा की जाती है और महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए जाते हैं। बैठक में वित्तीय अपराधों और भ्रष्टाचार के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
महासभा का आयोजन करने का दिया विशेष मौका
PMO ने कहा कि भारत में इंटरपोल महासभा की बैठक 25 वर्षों के अंतराल के बाद हो रही है। पिछली बार भारत में यह महासभा 1997 में हुई थी। भारत की स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर इस बार की महासभा का आयोजन नई दिल्ली में करने का विशेष मौका दिया गया है। PMO ने कहा कि यह आयोजन भारत की कानून एवं व्यवस्था के तंत्र से दुनिया को अवगत कराने का एक मौका है।


Download Android App
Download iOS App



