कपिल सिब्बल ने भ्रष्टाचारी एक मंच पर आ रहे हैं वाले भाषण को लेकर प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि जदयू और शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट जैसे दल एक समय में उनके सहयोगी थे और अब वे भ्रष्ट हैं, जबकि तब वे ऐसे नहीं थे। केंद्रीय कार्यालय के विस्तार का लोकार्पण करने के बाद मंगलवार को अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा था कि भ्रष्टाचार में लिप्त नेता एक साथ, एक मंच पर आ रहे हैं और कुछ दलों ने मिलकर भ्रष्टाचारी बचाओ अभियान छेड़ा हुआ है।
विश्व स्तर पर हो रहा है भारत का नाम
उन्होंने दावा किया था कि पूरे विश्व में आज जब हिंदुस्तान का डंका बज रहा है, तो देश के भीतर और देश के बाहर बैठी भारत विरोधी शक्तियों का एकजुट होना स्वाभाविक है। सिब्बल ने उनकी इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया, सभी भ्रष्ट एक मंच पर हैं, लेकिन मोदी जी शिवसेना, अकाली दल, जदयू (जनता दल (यूनाइटेड)) , पीडीपी (पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी), बसपा (बहुजन समाज पार्टी) सभी एक समय आपकी सहयोगी थी और उनके साथ मिलकर आपने सरकार बनाई थी। उन्होंने कहा, अब वे भ्रष्ट हो गए हैं। तब वे नहीं थे?

पीएम मोदी ने अपने भाषण में विपक्ष पर क्या दिया था बयान
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कहा था कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोग विभिन्न एजेंसी और अदालतों पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन इनके झूठे आरोपों से ना देश झुकेगा और ना ही भ्रष्टाचार के विरूद्ध कार्रवाई थमने वाली है। उन्होंने कहा था कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में भ्रष्टाचार के खिलाफ इतना बड़ा अभियान पहले कभी नहीं चलाया गया और इसने भ्रष्टाचारियों को झकझोर कर रख दिया। मोदी ने कहा था, भ्रष्टाचार में लिप्त सभी लोग एक मंच पर आ रहे हैं।



Download Android App
Download iOS App



