कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज एस बोम्मई ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उनसे राजनीतिक घटनाक्रम समेत राज्य के मुद्दों पर चर्चा की।
यह बैठक ऐसे समय में हुई जब राज्य में मंत्री बनने की इच्छा लिए कई नेताओं ने नए मंत्रिमंडल से बाहर रहने पर नाराजगी व्यक्त की है और इनमें से कई अपनी दावेदारी को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में हैं।
चार अगस्त को बोम्मई ने पहले मंत्रिमंडल विस्तार में 29 मंत्रियों को शामिल किया था। बैठक के बाद बोम्मई ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने अमित शाहजी से मुलाकात की जो सौहार्द्रपूर्ण रही। मैं एक महीने पहले उनसे मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में मिला था। वह यह जानने को उत्सुक थे कि नई सरकार कैसे काम-काज कर रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ उन्होंने मुझे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा जी से राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा करने की सलाह दी है।’’
मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने से असंतुष्ट विधायकों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलवार को पर्यावरण, पारिस्थितिकी और पर्यटन विभाग का कार्यभार संभालने वाले आनंद सिंह को छोड़कर कुछ नेताओं ने नाराजगी व्यक्त की थी। मंत्री बनने के इच्छुक कुछ नेता दिल्ली में अपनी पैरवी कर रहे हैं लेकिन ‘‘ मैं यह अभी नहीं कह सकता कि खाली चार पद कब भरे जाएंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



