राजस्थान के श्रीगंगानगर और जोधपुर ग्रामीण में बुधवार शाम दो अलग-अलग सड़क हादसों मे आठ लोगो की मौत हो गई जबकि सात अन्य लोग घायल हो गये।
श्रीगंगानगर के घमूडवाली थाना क्षेत्र में बुधवार शाम दो कारों की भिडंत में पांच लोगो की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गये। थानाधिकारी पवन कुमार ने बताया कि घटना सूरतगढ-गंगानगर राष्ट्रीय राज मार्ग मांजूवास की रोही के पास हुई।
उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान रामधन (25), हेतराम (25), बलतेज सिंह (55), लवलीन कौर (50) सुखजीत सिंह (45) के रूप में की गई है। घायलों को उपचार के लिये निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतकों का पोस्टमार्टम बृहस्पतिवार सुबह करवाया जायेगा।
उन्होंने बताया कि एक कार श्रीगंगानगर जा रही थी जबकि दूसरी कार बीकानेर जा रही थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में बीकानेर जा रही कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जोधपुर ग्रामीण के बालेसर थाना क्षेत्र के आगोलाई गांव के पास एक अन्य सडक हादसे में कार, सेना के ट्रक और एक मोटर साइकिल की भिडंत में तीन लोगो की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गये।
उन्होंने बताया कि कार में सवार लोग रामदेवरा से लौट रहे थे। जोधपुर से जैसलमेर की तरफ जा रहा सेना का ट्रक हादसे के बाद पलट गया। मृतकों की पहचान के प्रयास किये जा रहे है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



