भारत में कोरोना का प्रकोप दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। संक्रमण की रोकथाम के लिए देश में लॉकडाउन को 3 मई तक बढ़ा दिया है। जिसके चलते बस, ट्रेन समेत हवाई यात्रा पूरी तरह से बंद है। इस बीच, तमाम एयरलाइन कंपनियों ने लॉकडाउन खत्म होने के बाद की यात्राओं के लिए बुकिंग शुरू कर दी थी। मगर रविवार को वायरस के कारण लागू लॉकडाउन और यात्रा प्रतिबंधों के मद्देनजर विमानन नियामक डीजीसीए ने रविवार को सभी एयरलाइनों से बुकिंग बंद करने को कहा है।
निजी भारतीय एयरलाइन कंपनियां रविवार को 4 मई से कुछ चुनिंदा मार्गों पर बुकिंग ले रही थी। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप पुरी ने विमानन (एयरलाइन) कंपनियों को शनिवार को सलाह दी थी कि वे यात्री विमानों के परिचालन पर सरकारी आदेश आने के बाद ही बुकिंग शुरू करें।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने रविवार शाम परिपत्र जारी कर कहा , ‘‘सभी विमानन कंपनियों को टिकट बुकिंग करने से बचने का निर्देश दिया जाता है। विमानन कंपनियां यह याद रखें कि परिचालन शुरू करने के लिए उन्हें पर्याप्त समय दिया जाएगा।’’ देश में लॉकडाउन 25 मार्च से लागू है, पहले यह 14 अप्रैल तक लागू था लेकिन फिर इसे बढ़ा कर 3 मई तक कर दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



