लोकसभा चुनाव 2019 : BJP और JDU में बनी सीटों पर सहमति, बराबर सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

Summary :

BJP और JDU में सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है। नेताओं के बीच लोकसभा में सूबे की बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने पर सहमति बनी।

नई दिल्ली : बिहार लोकसभा चुनाव 2019 के लिए BJP और JDU में सीटों के बंटवारे पर सहमति बन गई है। शुक्रवार को इस मुद्दे को लेकर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के बीच मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच लोकसभा में सूबे की बराबर सीटों पर चुनाव लड़ने पर सहमति बनी।

अमित शाह ने कहा कि 2019 का लोकसभा चुनाव पीएम मोदी की अध्यक्षता में लड़ा जाएगा और पहले से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेंगे। उपेंद्र कुशवाह के बारे में पूछे गए सवाल पर अमित शाह ने कहा कि वह हमारे साथ है और एनडीए के सभी साथियों को सम्मानजनक सीटें दी जाएंगे।वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में सीट शेयरिंग के फॉर्मूला पर बात हो गई है। नीतीश कुमार के साथ उनकी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर और जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन उर्फ ललन भी थे। दलीय सूत्रों के मुताबिक यह सीएम की राजनीतिक यात्रा है। उनके पहुंचते ही दिल्ली में मौजूद जदयू के कुछ और नेता उनसे मिलने पहुंचे।

2019 के लोकसभा चुनाव को लेकर एनडीए के बीच बिहार की सीटों पर बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत के बीच नीतीश कुमार का दिल्ली पहुंचना अहम माना जा रहा था। गौरतलब हो कि जदयू सांसद आरसीपी सिंह ने बुधवार को ही कहा था कि सीट बंटवारे पर निर्णय लिया जा चुका है और जल्द ही इसका ऐलान आला नेता करेंगे। जदयू के प्रधान महासचिव केसी त्यागी और सांसद बशिष्ठ नारायण सिंह ने गुरुवार की देर रात पूछे जाने पर कहा कि नीतीश कुमार से उनकी मुलाकात शुक्रवार की सुबह होगी।

Desk Team