लोकसभा में मंगलवार को फिर से कांग्रेस सहित कुछ विपक्षी दलों के सदस्यों ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा के मामले में विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा अदालत में दिये आवेदन की पृष्ठभूमि में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के इस्तीफे की मांग को लेकर हंगामा किया। इसके कारण सदन की कार्यवाही आरंभ होने के करीब 50 मिनट बाद अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
कई सदस्यों ने हाथों में तख्तियां भी ले रखी थीं
सदन की कार्यवाही आरंभ होने के साथ ही कांग्रेस और कुछ अन्य विपक्षी दलों के सदस्य नारेबाजी करते हुए आसन के निकट पहुंच गए। कई सदस्यों ने हाथों में तख्तियां भी ले रखी थीं।अध्यक्ष ओम बिरला ने शोर-शराबे के बीच ही प्रश्नकाल शुरू कराया। गृह, कृषि, ग्रामीण विकास मंत्रालयों से जुड़े पूरक प्रश्न पूछे गए जिनके संबंधित मंत्रियों ने उत्तर भी दिए।
सदन की गरिमा बनाए रखें-ओम बिरला
बिरला ने नारेबजी कर रहे विपक्षी सदस्यों से अपने स्थान पर जाने की अपील की।बिरला ने सदस्यों से कहा कि आप अपने स्थान पर जाएं, पूरा मौका दूंगा। आपको हर मुद्दे पर पूरा समय दूंगा। आप नियोजित तरीके सदन में व्यवधान डालते हैं, ये उचित नहीं है। आप अपने सीट पर जाइए।उन्होंने कहा, ‘‘(सत्र के) अंतिम दिन आग्रह कर रहा हूं कि आप प्रयास करें कि सदन चलें। आप सदन की गरिमा बनाए रखें।’’
सदन में हंगामा जारी रहने पर उन्होंने दिन में 11 बजकर करीब 50 मिनट पर कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।लखीमपुर खीरी में तीन अक्टूबर को हुई हिंसा के मामले पर ही सोमवार तथा गत सप्ताह बुधवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी विपक्षी सदस्यों ने सदन में हंगामा किया था जिसके कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई थी।


Download Android App
Download iOS App



