महामारी पर टीकाकरण का प्रहार, तीन करोड़ वैक्सीन लगाने वाला देश का पहला राज्य बना महाराष्ट्र

Summary :

कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए इस साल 16 जनवरी को राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद से महाराष्ट्र तीन करोड़ कोविड​​-19 टीके लगाने वाला भारत का पहला राज्य बन गया है।

कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए इस साल 16 जनवरी को राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद से महाराष्ट्र तीन करोड़ कोविड​​-19 टीके लगाने वाला भारत का पहला राज्य बन गया है। राज्य के एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र में टीके की कुल खुराक की संख्या 3,00,27,217 तक पहुंच गई
अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) डॉ प्रदीप व्यास ने बताया कि महाराष्ट्र में बृहस्पतिवार तक टीके की 2,97,23,951 खुराकें दी गई थीं, जबकि तीन करोड़ का आंकड़ा शुक्रवार को दोपहर लगभग दो बजे तक पहुंच गया। उन्होंने कहा, “दिन के दो बजे तक टीके की कुल खुराक की संख्या 3,00,27,217 तक पहुंच गई।”
भारत में एक दिन में कोविड-19 के 51,667 नए मामले
बता दें कि भारत में एक दिन में कोविड-19 के 51,667 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,01,34,445 हो गई। वहीं, नमूनों के संक्रमित आने की साप्ताहिक दर कम होकर तीन प्रतिशत हो गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में 1,329 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 3,93,310 हो गई। उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी कम होकर 6,12,868 हो गई है, जो कुल मामलों का 2.03 प्रतिशत है।
24 घंटे में उपचाराधीन मामलों में कुल 14,189 की कमी आई
पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मामलों में कुल 14,189 की कमी आई है। संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या लगातार 43वें दिन संक्रमण के नए मामलों से अधिक रही। देश में अभी तक कुल 2,91,28,267 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। मंत्रालय के अनुसार, कोविड-19 से मत्यु दर 1.31 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 96.66 प्रतिशत हो गई, जबकि नमूनों के संक्रमित आने की साप्ताहिक दर भी कम होकर तीन प्रतिशत हो गई है। नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर 2.98 प्रतिशत है। यह पिछले 18 दिनों से पांच प्रतिशत से कम है।
भारत में पिछले 24 घंटे में 60.73 लाख लोगों को कोविड-19 रोधी टीके लगाए गए
मंत्रालय की ओर से सुबह सात बजे जारी किए गए आंकडों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटे में 60.73 लाख लोगों को कोविड-19 रोधी टीके लगाए गए। अभी तक टीके की कुल 30.79 करोड़ खुराक लोगों को दी जा चुकी है। आंकड़ों के अनुसार, अभी तक कुल 39,95,68,448 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 17,35,781 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को की गई।
देश में 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे मामले 
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।
देश में संक्रमण से अभी तक कुल 3,93,310 लोगों की मौत 
मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक कुल 3,93,310 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,19,859 लोग, कर्नाटक के 34,425 लोग, तमिलनाडु के 31,901 लोग, दिल्ली के 24,948 लोग, उत्तर प्रदेश के 22,366 लोग, पश्चिम बंगाल के 17,516 लोग, पंजाब के 15,944 लोग और छत्तीसगढ़ के 13,415 लोग थे।
अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।

Desk Team