तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने रविवार को कहा कि भाजपा और राजग सरकार के खिलाफ विभिन्न राजनीतिक दलों को एकजुट करने के प्रयासों के तहत वह जल्द ही महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के अपने समकक्ष उद्धव ठाकरे और ममता बनर्जी के साथ बैठक करेंगे।
मुख्यमंत्री के राव से मिलने के लिए हैदराबाद आने की उम्मीद
राव ने कहा कि वह ठाकरे से मिलने के लिए कभी भी मुंबई जा सकते हैं। जबकि, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के राव से मिलने के लिए हैदराबाद आने की उम्मीद है। राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को उसकी कथित ‘‘जनविरोधी नीतियों’’ के लिए हटा दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विरोधी राजनीतिक दलों को एकजुट करने में एक प्रमुख भूमिका निभाएंगे।
राव ने कहा सच्चाई सामने लाने के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे
राफेल लड़ाकू विमान सौदे में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए राव ने कहा कि वह सच्चाई सामने लाने के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। क्या वह अब भी गैर-भाजपा, गैर-कांग्रेस मोर्चा गठबंधन पर विचार कर रहे हैं, यह पूछे जाने पर राव ने कहा, ‘‘ममता बहन (ममता बनर्जी) ने मुझे फोन किया। हमारी फोन पर चर्चा हुई। उन्होंने मुझे बंगाल आने का आमंत्रण दिया या वह हैदराबाद आ जाएंगी। उन्होंने कहा मुझे डोसा खिलाओ। मैंने कहा- स्वागत है। वह कभी भी आ सकती हैं।’’
हालांकि, उन्होंने इसका सीधा जवाब नहीं दिया कि क्या वह विपक्षी दलों का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘एक चीज मैं आपसे वादा करता हूं कि मैं उसमें प्रमुख भूमिका निभाऊंगा।’’
अभी तक कोई ठोस योजना नहीं है कि भविष्य में विपक्षी एकता कैसे बनेगी – राव
उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक कोई ठोस योजना नहीं है कि भविष्य में विपक्षी एकता कैसे बनेगी और देश के लोगों को इस अवसर पर आगे आना चाहिए। राव ने कहा कि उन्होंने 2019 के चुनावों से पहले कई विपक्षी नेताओं और मुख्यमंत्रियों से मुलाकात की, लेकिन भाजपा के सत्ता में वापस आने से चीजें अलग हो गईं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान स्थिति अब देश के लिए विनाशकारी साबित हो रही है, क्योंकि यह दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



