केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में 7 नए इंटरनेट एक्सचेंज नोड्स का उद्घाटन करते हुए दावा किया कि मोदी सरकार , सिर्फ डबल इंजन की नहीं, बल्कि डबल डिजिटल इंजन की सरकार है। केंद्रीय मंत्री ने गुरुवार को प्रदेश के 7 शहरों – प्रयागराज, गोरखपुर, लखनऊ, वाराणसी, मेरठ, कानपुर और आगरा के लिए इन एक्सचेंजों को एक साथ लॉन्च किया। इन नए इंटरनेट एक्सचेंजों के उद्घाटन से उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में इंटरनेट और ब्रॉडबैंड सेवाओं की गुणवत्ता को बढ़ाने और सुधारने में मदद मिलेगी।
पूरे प्रदेश में सिर्फ एक ही इंटरनेट एक्सचेंज
डिजिटल उत्तर प्रदेश मिशन को नई रफ्तार देने के तहत किए गए इन सभी सातों इंटरनेट एक्सचेंजों के उद्घाटन का मुख्य कार्यक्रम आगरा में आयोजित किया गया। स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल एवं नेशनल इंटरनेट एक्सचेंज ऑफ इंडिया ( निक्सी ) के सीईओ अनिल कुमार जैन भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। अब पूरे उत्तर प्रदेश में कुल मिलाकर 8 इंटरनेट एक्सचेंज हो जाएंगे। इससे पहले पूरे प्रदेश में सिर्फ एक ही इंटरनेट एक्सचेंज, नोएडा में था।
उद्घाटन कार्यक्रम में बोलते हुए केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा, ये सिर्फ डबल इंजन की सरकार नहीं, बल्कि डबल डिजिटल इंजन की सरकार भी है, जो देश और प्रदेश के विकास को एक ऐतिहासिक और तेज गति दे रही है। अब दुनिया उत्तर प्रदेश को एक बड़े वैश्विक हब और निवेश के पसंदीदा स्थल के रूप में देख रही है।
देश 135 करोड़ भारतीयों को वैक्सीन की डोज देने का आकड़ा पार कर चुका है,
उन्होंने आगे कहा कि अब उत्तर प्रदेश पूरे देश में सबसे तेज गति से डिजिटल हब बनने की ओर भी अग्रसर हो रहा है। ये डिजिटल इंडिया की ताकत ही थी कि आज देश 135 करोड़ भारतीयों को वैक्सीन की डोज देने का आकड़ा पार कर चुका है, जिससे कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में देश को जीत मिली है।
केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने उत्तर प्रदेश को सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य बताते हुए राजीव चंद्रशेखर से आगरा को बेंगलुरु और हैदराबाद की तर्ज पर आईटी हब बनाने की मांग की। जिसका जवाब देते हुए चंद्रशेखर ने दावा किया कि सरकार यहां छोटा बेंगलुरु नहीं, बड़ा आगरा बनाएगी। आपको बता दें कि, ‘निक्सी’ निकट भविष्य में टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी इस तरह के कई इंटरनेट एक्सचेंज लॉन्च करने की योजना पर काम कर रहा है।


Download Android App
Download iOS App



