राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को उत्तर प्रदेश और नई दिल्ली से 10 लोगों को हिरासत में लिया। उत्तर भारत, खासकर राष्ट्रीय राजधानी, में बम धमाकों को अंजाम देने की योजना बना रहे आईएसआईएस से प्रेरित एक नए मॉड्यूल में शामिल होने के संदेह में इन 10 लोगों को हिरासत में लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जांच एजेंसी ने ‘हरकत उल हर्ब ए इस्लाम’ नाम के नए मॉड्यूल की अपनी जांच के सिलसिले में उत्तर प्रदेश और नई दिल्ली में 16 जगहों पर छापेमारी की। आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के महानिरीक्षक (आईजी) असीम अरुण ने लखनऊ में बताया कि जांच एजेंसी की ओर से हिरासत में लिए गए 10 लोगों में से पांच को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से पकड़ा गया।
उत्तर प्रदेश के एटीएस के साथ एक संयुक्त अभियान में एनआईए ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों ने बताया कि पांच अन्य को दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा की मदद से उत्तर-पूर्व दिल्ली से हिरासत में लिया गया। एनआईए के प्रवक्ता ने बताया, ‘‘तलाशी चल रही है।’’ अधिकारियों के मुताबिक, संदेहास्पद गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद पिछले कुछ समय से एनआईए इस समूह पर नजर रख रही थी।


Download Android App
Download iOS App





