सरकार ने सोमवार को कहा कि ऐसे भारतीय नागरिकों की संख्या के बारे में कोई सूचना उपलब्ध नहीं है जिन्होंने टीकाकरण के लिए विदेश यात्रा की है। उसने यह भी कहा कि देश में टीकाकरण पर्यटन संबंधी कोई कार्यक्रम शुरू करने के बारे में पर्यटन मंत्रालय की कोई योजना नहीं है।
पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने लोकसभा को अपराजिता सारंगी के पूरक प्रश्न के उत्तर में यह बात कही। प्रश्न पूछा गया था कि क्या सरकार की योजना देश में कोई वैक्सीन पर्यटन कार्यक्रम आरंभ करने की है। रेड्डी ने उत्तर में कहा कि वर्तमान में देश में टीकाकरण पर्यटन संबंधी कोई कार्यक्रम शुरू करने के बारे में पर्यटन मंत्रालय की कोई योजना नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने भारतीय नागरिकों के लिए विदेश जाने के विकल्प के संबंध में कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय ने सूचित किया है कि चूंकि विदेश यात्रा का उद्देश्य बताया जाना अनिवार्य नहीं है अत: ऐसे भारतीय नागरिकों की संख्या के बारे में कोई सूचना उपलब्ध नहीं है जिन्होंने टीकाकरण के लिए विदेश यात्रा की है।
मंत्री ने कहा कि विदेश मंत्रालय ने सूचित किया है कि कुछ देशों ने टीका लगवा चुके यात्रियों के लिए स्वास्थ्य संबंधी अपेक्षाओं में ढील देने का निर्णय लिया है अत: भारत भी टीकाकरण प्रमाणपत्रों को परस्पर मान्यता दिए जाने संबंधी कार्य में जुटा है।


Download Android App
Download iOS App



