कांग्रेस ने साल 2019 में जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के काफिले पर आतंकवादी हमले की बरसी पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए सोमवार को कहा कि इस हमले से जुड़े कई सवालों के जवाब सरकार ने नहीं दिए, लेकिन आज के समय में महत्वपूर्ण सवाल युवाओं के रोजगार का है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यह भी कहा कि ‘‘हम (पुलवामा मामले में) जवाब लेकर रहेंगे।’’ उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ पुलवामा के शहीदों को हम कभी भुला नहीं सकते। उनका व उनके परिवारों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा- हम जवाब लेके रहेंगे…जय हिंद!’’
कांग्रेस नेताओं ने ट्वीट कर किया वीर जवानों को नमन
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों को नमन। देश हमेशा शहीदों एवं उनके परिवारों के बलिदान का ऋणी रहेगा। जय हिंद।’’ पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भारत मां के कई वीर सपूत शहीद हुए, हम उनको नमन करते हैं। लेकिन महत्वपूर्ण सवाल यह है कि 45 साल की सबसे अधिक बेरोजगारी आज क्यों है,75 साल की सबसे बड़ी बैंकिंग जालसाजी आज क्यों हैं, आज नौकरी क्यों नहीं मिल रही है?’’
पुलवामा हमले को लेकर कांग्रेस ने साधा केंद्र पर निशाना
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘कई सवाल उसमें (पुलवामा) हैं, कई सवालों का जवाब सरकार ने नहीं दिया है। लेकिन असल मुद्दा रोजगार का है।’’ दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवादी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए थे। इसके जवाब में भारतीय वायु सेना ने 26 फरवरी, 2019 को पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकवादी शिविरों को निशाना बनाते हुए एक हवाई हमला किया था।


Download Android App
Download iOS App



