प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को किसानों की कर्जमाफी तक नहीं सोने देने संबंधी राहुल गांधी के बयान को लेकर तीखा प्रहार करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार को कहा कि उनसे और कुछ बेहतर कथन की उम्मीद नहीं की जा सकती है और उनकी पार्टी के शासन के दौरान घोटालों के कारण देश की जनता नहीं सो सकी।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी के बयानों से राजनीतिक संवाद का स्तर और नीचे गिर गया है। राहुल गांधी को ऐसे बयान देने की बजाए संसद में आकर राफेल मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी से इससे अधिक और कुछ उम्मीद नहीं की जा सकती है जिनकी पार्टी के 60 वर्षो के शासनकाल के दौरान व्यापक भ्रष्टाचार के कारण लोग सो नहीं सके।
रविशंकर ने राहुल पर किया पलटवार, कांग्रेस ने राफेल डील पर झूठ का पहाड़ खड़ा किया
भाजपा नेता ने कांग्रेस एवं उसके प्रमुख को चुनौती दी कि वे साहस दिखायें और सदन में आकर राफेल विमान सौदे पर ‘‘आंखों में आंख’’ डालकर चर्चा करें । उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चर्चा से भाग रही है क्योंकि इससे अनेक रक्षा सौदे की हकीकत सामने आ जायेगी।
कांग्रेस के किसान प्रेम को दिखावा करार देते हुए रविशंकर प्रसाद ने सवाल किया कि पिछले 70 वर्षो में से 60 वर्षो पर देश में कांग्रेस की सरकार थी, तब इतने वर्षो तक कांग्रेस ने किसानों के लिये क्या किया ? किसान आजादी के इतने वर्षो बाद भी परेशान क्यों हैं ? कांग्रेस सिर्फ ‘‘नाटक’’ कर रही है ।


Download Android App
Download iOS App




