PM ने गोल्फर अदिति के प्रदर्शन को सराहा, राष्ट्रपति बोले-भारत की एक और बेटी ने बनाई पहचान

Summary :

भारत की अदिति अशोक ओलंपिक खेलों की गोल्फ स्पर्धा में पदक से मामूली अंतर से चूक गई और खराब मौसम से प्रभावित चौथे दौर में तीन अंडर 68 का स्कोर करके चौथे स्थान पर रहीं।

भारत की अदिति अशोक ओलंपिक खेलों की गोल्फ स्पर्धा में पदक से मामूली अंतर से चूक गई और खराब मौसम से प्रभावित चौथे दौर में तीन अंडर 68 का स्कोर करके चौथे स्थान पर रहीं। उनके इस प्रदर्शन की राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहना करते हुए गोल्फर अदिति की प्रशंसा की।
राष्ट्रपति ने ट्वीट करते हुए लिखा, अच्छा खेला, अदिति अशोक! भारत की एक और बेटी ने बनाई पहचान! आज के ऐतिहासिक प्रदर्शन से आपने भारतीय गोल्फ को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। आपने बेहद शांत और शिष्टता के साथ खेला है। धैर्य और कौशल के प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए बधाई।


प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘बेहतरीन खेलीं अदिति। तोक्यो 2020 में आपने शानदार कौशल और संकल्प का प्रदर्शन किया। आप पदक से मामूली अंतर से चूक गईं, लेकिन इसमें अब तक किसी भी भारतीय ने जो हासिल किया आप उससे कहीं आगे निकल गईं और आपने एक मिसाल कायम की है। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’’


ओलंपिक में ऐतिहासिक पदक के करीब पहुंची अदिति अशोक ने सुबह दूसरे नंबर से शुरूआत की थी लेकिन वह पिछड़ गई। रियो ओलंपिक में 41वें स्थान पर रही अदिति ने हालांकि आशातीत प्रदर्शन किया है। अदिति का कुल स्कोर 15 अंडर 269 रहा और वह दो स्ट्रोक्स से चूक गई।

Desk Team