प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की 56वीं पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि उनका जीवन देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा। मोदी ने ट्वीट में कहा, ‘‘त्याग और तप की प्रतिमूर्ति महान स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन। मातृभूमि की सेवा में समर्पित उनका जीवन देशवासियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।’’ हिन्दू महासभा के अध्यक्ष रहे सावरकर का निधन 1966 में हुआ था।

राजनेता होने के साथ-साथ एक महान समाज सुधारक भी थे : शाह
पीएम के अलावा गृह मंत्री अमित शाह ने भी सावरकर को श्रद्धांजलि दी। शाह ने ट्वीट में कहा, सावरकर जी एक क्रांतिकारी चिंतक, लेखक, कवि, दूरदर्शी राजनेता होने के साथ-साथ एक महान समाज सुधारक भी थे। उन्होंने जीवनपर्यंत अस्पृश्यता, जातिवाद और तुष्टीकरण के विरुद्ध संघर्ष किया। उनका त्याग, तप व संघर्ष वंदनीय है। आजादी के ऐसे महानायक की पुण्यतिथि पर उनके चरणों में कोटिशः वंदन।

सीएम योगी ने भी किया ट्वीट
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट कर स्वतंत्रता सेनानी सावरकर को श्रद्धांजलि दी। योगी ने सुबह ट्वीट कर कहा, भारतीय स्वाधीनता आंदोलन के तेजस्वी नायक, महान क्रांतिकारी, प्रखर चिंतक, माँ भारती के अमर सपूत स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर जी को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि! स्वतंत्रता संग्राम में आपका अविस्मरणीय योगदान युगों-युगों तक राष्ट्र सेवा हेतु प्रेरित करता रहेगा।



Download Android App
Download iOS App



