प्रधानमंत्री मोदी ने इमैनुएल मैक्रों को दोबारा फ्रांस का राष्ट्रपति चुने जाने के लिए दी बधाई

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इमैनुएल मैक्रों को दोबारा फ्रांस का राष्ट्रपति चुने जाने के लिए सोमवार को बधाई दी और कहा कि वह भारत तथा फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी को प्रगाढ़ करने के लिए उनके साथ काम करने को उत्सुक हैं।

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इमैनुएल मैक्रों को दोबारा फ्रांस का राष्ट्रपति चुने जाने के लिए सोमवार को बधाई दी और कहा कि वह भारत तथा फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी को प्रगाढ़ करने के लिए उनके साथ काम करने को उत्सुक हैं। 
पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई 
फ्रांस में राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में रविवार को मैक्रों को विजेता घोषित किया गया। मैक्रों (44) ने धुर दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन को चुनाव में मात दी है। 
मोदी ने ट्वीट किया,‘‘ फ्रांस का दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने के लिए मेरे मित्र इमैनुएल मैक्रों को बधाई। मैं भारत तथा फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी को प्रगाढ़ करने के लिए उनके साथ काम करने को उत्सुक हूं।’’ 
एमैनुएल मैक्रों ने फ्रांस की जनता को दिया धन्यवाद 
एमैनुएल मैक्रों ने एक बार फिर फ्रांस का राष्ट्रपति चुने जाने पर देश की जनता को “धन्यवाद” कह कर आभार व्यक्त किया तथा उन्हें पांच और साल के लिये सत्ता सौंपने वाले लोगों की प्रशंसा की। मैक्रों ने उन लोगों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने न केवल उनके विचारों से प्रभावित होकर बल्कि धुर-दक्षिणपंथी प्रतिद्वंद्वी मेरिन ली पेन को सत्ता से दूर रखने के लिये उन्हें वोट दिया। 
जीत के बाद समर्थकों के बीच पहुंचे मैक्रों 
उन्होंने कहा, ”मैं अब किसी एक खेमे का उम्मीदवार नहीं रहा बल्कि हम सभी का राष्ट्रपति बन गया हूं।” चुनाव एजेंसियों के अनुमान अनुसार मैक्रों ने रविवार को हुए चुनाव में आसान जीत दर्ज की है। चुनाव में जीत मिलने के बाद वह अपनी पत्नी ब्रिगिट के हाथों में हाथ डाले एफिल टावर के नीचे एक स्थान पर पहुंचे, जहां उनके समर्थक मौजूद थे। इस दौरान यूरोपीय संघ का गीत बजाया गया। 

Ujjwal Jain