प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रूस में आयोजित हो रहे छठे ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम (ईईएफ) को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि मुझे ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम को संबोधित करते हुए खुशी हो रही है और इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को धन्यवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि भारत रूस का एक विश्वसनीय भागीदार है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-रूस की दोस्ती समय की कसौटी पर खरी उतरी है। साथ ही उन्होंने टीकाकरण कार्यक्रम को लेकर किए गए सहयोग सहित कोविड-19 महामारी के दौरान दोनों देशों के बीच हुए ‘मजबूत’ सहयोग का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी का एक अन्य प्रमुख स्तंभ है और भारत एवं रूस मिलकर वैश्विक ऊर्जा बाजार में स्थिरता लाने में मदद कर सकते हैं।
उन्होंने यह उल्लेख किया कि भारत में एक प्रतिभाशाली और समर्पित कार्यबल है जबकि सुदूर पूर्व क्षेत्र संसाधनों से भरा हुआ है और रूसी सुदूर पूर्व के विकास में योगदान करने की खातिर भारतीय प्रतिभाओं के लिए जबरदस्त गुंजाइश है। उन्होंने फोरम में हिस्सा लेने के लिए 2019 में रूसी शहर व्लादिवोस्तोक की अपनी यात्रा और उस दौरान एक्ट फार ईस्ट पॉलिसी के लिए भारत की प्रतिबद्धता की घोषणा का भी उल्लेख किया। मोदी ने कहा कि यह नीति रूस के साथ भारत की विशेष और करीबी रणनीतिक साझेदारी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।


Download Android App
Download iOS App



