गुजरात में विधानसभा चुनाव (Assembly election) के दूसरे चरण की आज वोटिंग जारी है। साथ ही बीजेपी ने एक बार फिर अन्य राज्यों में होने वाले चुनावों को लेकर रणनीति तय करना शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक का उद्घाटन करेंगे।
आपको बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा (JP Nadda) की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में पार्टी की भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा, राज्य विधानसभा चुनावों के अगले दौर के अलावा आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया जाएगा तथा विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इस बैठक में पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अलावा सभी राज्यों के प्रभारी और सह प्रभारी, विभिन्न मोर्चां के प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेशों के संगठन महामंत्री भी हिस्सा लेंगे।
जिन सीटों पर पार्टी को हार मिली थी
पार्टी ने एक बयान में कहा कि मोदी गुजरात विधानसभा चुनाव में मतदान करने के बाद राष्ट्रीय राजधानी पहुंचेंगे और देश भर से पार्टी के वरिष्ठ संगठनात्मक नेताओं की बैठक का उद्घाटन करेंगे तथा उसे संबोधित करेंगे।पार्टी के नेता साल भर संगठनात्मक कार्यों में लगे रहते हैं और यह बैठक जायजा लेने की कवायद के तौर पर काम करेगी। पिछले लोकसभा चुनाव में जिन सीटों पर पार्टी को हार मिली थी, वहां अपनी स्थिति मजबूत करने और 2024 में जीत सुनिश्चित करने के मद्देनजर केंद्रीय मंत्रियों सहित पार्टी के नेताओं के विभिन्न समूह भी इस बैठक में हिस्सा लेंगे।
चुनाव के वोटों की गिनती 8 दिसंबर को होगी
लोकसभा चुनाव से पहले कर्नाटक, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों के अलावा त्रिपुरा और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने हैं।यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब अहमदाबाद, वडोदरा और गांधीनगर सहित गुजरात के 14 जिलों की 93 सीटों पर मतदान हो रहे हैं। सुबह आठ बजे से मतदान आरंभ हुआ। इन क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे। गुजरात के साथ ही हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती बृहस्पतिवार यानी आठ दिसंबर को होगी।


Download Android App
Download iOS App



