प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिनों के दौरे को लेकर गुरुवार और शुक्रवार को राजस्थान और गुजरात का दौरा करेंगे। पीएम मोदी गुरुवार सुबह राजस्थान के सीकर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
पीएम मोदी ऑनबोर्डिंग का करेंगे शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान, वह ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स पर 1,500 किसान उत्पादक संगठनों की ऑनबोर्डिंग का शुभारंभ करेंगे। ओएनडीसी डिजिटल मार्केटिंग, ऑनलाइन भुगतान, बिजनेस-टू-बिजनेस और बिजनेस-टू-कंज्यूमर लेनदेन तक सीधी पहुंच के साथ एफपीओ को सशक्त बनाता है और ग्रामीण क्षेत्रों में लॉजिस्टिक्स के विकास को उत्प्रेरित करते हुए स्थानीय मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करता है।
पांच नए मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे
राजस्थान में सार्वजनिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए, प्रधान मंत्री मोदी चित्तौड़गढ़, धौलपुर, सिरोही, सीकर और गंगानगर में पांच नए मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे और बारां, बूंदी, करौली, झुंझुनू, सवाई माधोपुर, जैसलमेर और टोंक में सात मेडिकल कॉलेजों की आधारशिला रखेंगे। इसके अलावा, वह उदयपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और डूंगरपुर जिलों में छह एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे इन जिलों में रहने वाली आदिवासी आबादी को लाभ होगा। इस कार्यक्रम में वह जोधपुर में केंद्रीय विद्यालय तिवरी का भी उद्घाटन करेंगे। राजस्थान में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
जानिए पीएम मोदी का गुजरात का पूरा शेड्यूल
राजस्थान में अपने निर्धारित कार्यक्रमों को निपटाने के बाद, पीएम मोदी गुजरात के राजकोट पहुंचेंगे, जहां वह राजकोट अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का भ्रमण करेंगे। ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे को 1400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कुल 2,500 एकड़ से अधिक भूमि क्षेत्र में विकसित किया गया है। इसके बाद वह राजकोट के रेसकोर्स ग्राउंड में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, साथ ही 860 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे। शुक्रवार को वह गांधीनगर के महात्मा मंदिर में ‘सेमीकॉनइंडिया 2023’ का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वह एक सभा को भी संबोधित करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



